प्रश्न – 23 दिसंबर, 2025 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MoYAS) द्वारा प्रारंभ की गई “युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा उसके स्वायत्त निकायों के लिए व्यापक इंटर्नशिप नीति” के संदर्भ में विकल्प में कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) इस नीति के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), राष्ट्रीय डोप-रोधी एजेंसी (NADA) तथा राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला ( एनडीटीएल ) में कुल 452 इंटर्नशिप प्रतिवर्ष प्रदान की जाएँगी।
(b) इंटर्नशिप्स का उद्देश्य खेल शासन, खेल विज्ञान, डोपिंग-रोधी प्रणाली और एथलीट सेवाओं में दक्ष पेशेवर तैयार करना है।
(c) ये इंटर्नशिप्स खेल प्रबंधन, खेल विज्ञान, प्रतियोगिता संचालन, मीडिया एवं संचार, कानूनी मामले, आईटी प्रणाली, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशासन तथा डोपिंग-रोधी सहित 40 से अधिक कार्यात्मक क्षेत्रों में उपलब्ध होंगी।
(d) एनडीटीएल में कार्यरत इंटर्न्स को उन्नत प्रयोगशाला-आधारित डोपिंग परीक्षण और अनुसंधान का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।
उत्तर – (c)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 23 दिसंबर, 2025 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MoYAS) ने “युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा उसके स्वायत्त निकायों के लिए व्यापक इंटर्नशिप नीति” की शुरुआत की।
- इस नीति का उद्देश्य देश के युवाओं को खेलों से जुड़े शासन, प्रशासन और पेशेवर क्षेत्रों में प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना तथा भारत के खेल इकोसिस्टम को दीर्घकालिक रूप से सशक्त बनाना है।
- नई नीति के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), राष्ट्रीय डोप-रोधी एजेंसी (NADA) तथा राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (एनडीटीएल ) जैसे प्रमुख संस्थानों में प्रति वर्ष कुल 452 इंटर्नशिप प्रदान की जाएँगी।
- इन इंटर्नशिप्स का उद्देश्य खेल शासन एवं प्रशासन, खेल विज्ञान, प्रतियोगिता प्रबंधन, डोपिंग-रोधी प्रणाली और एथलीट सेवाओं जैसे क्षेत्रों में दक्ष पेशेवरों का एक सशक्त समूह तैयार करना है।
- यह कार्यक्रम राष्ट्रीय खेल नीति तथा खेलो भारत नीति, 2025 के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिनमें युवा सशक्तिकरण, क्षमता निर्माण और खेल प्रशासन के पेशेवरकरण पर विशेष बल दिया गया है।
- साथ ही, यह पहल भारत के उस दीर्घकालिक दृष्टिकोण को भी समर्थन देती है, जिसके अंतर्गत वैश्विक स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने हेतु एक सक्षम खेल इकोसिस्टम विकसित करना लक्ष्य है।
- इंटर्नशिप के दौरान प्रशिक्षुओं को सुव्यवस्थित ऑनबोर्डिंग, विषय-विशेषज्ञों से मार्गदर्शन तथा नीति निर्माण और उसके क्रियान्वयन का वास्तविक अनुभव प्राप्त होगा।
- वे खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) और टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप (TAG) जैसी प्रमुख योजनाओं में सक्रिय योगदान देंगे।
- इसके अतिरिक्त, उन्हें साई के स्टेडियमों, क्षेत्रीय केंद्रों और राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों में कार्यानुभव भी प्राप्त होगा।
- ये इंटर्नशिप्स खेल प्रबंधन, खेल विज्ञान, प्रतियोगिता संचालन, मीडिया एवं संचार, कानूनी मामले, आईटी प्रणाली, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशासन तथा डोपिंग-रोधी सहित 20 से अधिक कार्यात्मक क्षेत्रों में उपलब्ध होंगी।
- विशेष रूप से खेल विज्ञान अनुसंधान, प्रयोगशाला परीक्षण, डेटा विश्लेषण और एथलीटों को वैज्ञानिक सहायता प्रदान करने पर जोर दिया गया है।
- नाडा में कार्यरत इंटर्न डोपिंग-रोधी जागरूकता, कानूनी अनुपालन और मामलों के प्रबंधन में सहयोग करेंगे, जबकि एनडीटीएल में इंटर्न्स को उन्नत प्रयोगशाला-आधारित डोपिंग परीक्षण और अनुसंधान का अनुभव मिलेगा।
- चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और समावेशी बनाने के लिए एक केंद्रीकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्रतिवर्ष दो भर्ती चक्र जनवरी और जुलाई में आयोजित किए जाएँगे।
- यह व्यवस्था योग्यता-आधारित चयन को सुनिश्चित करेगी।
